ट्रेन से गाय कटी, सदभावना लेट
सुल्तानपुर। शहर के गभड़िया रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार की दोपहर बाद रेलवे लाइन पर मौजूद दो गाय ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक गाय की मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मानें तो सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से गाय घायल हुईं। घटना के बाद ट्रेन को 10 मिनट तक रोका गया। ट्रैक से शव हटाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। रेलवे ट्रैक पर दुर्घटना के दौरान ट्रेन चालक ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को रोक दिया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना जीआरपी, आरपीएफ, रेलवे अधिकारियों व कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद भी घटनास्थल पर कोई पुलिस व रेलवे विभाग का अधिकारी नहीं पहुंच सका। मौजूद लोगों ने स्वयं ही दोनों गाय को रेल ट्रैक से बगल हटाया। स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना ने बताया कि उन्हें इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी नहीं मिल सकी है।