सुल्तानपुर। भीषण गर्मी के बीच जिले में डायरिया का प्रकोप नहीं थम रहा है। रविवार को प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जन आरोग्य मेले में करीब 100 मरीज डायरिया के पहुंचे। कुछ मरीजों को दवाएं देकर वापस कर दिया गया, लेकिन कुछ को ड्रिप चढ़ाई गई। मेले में दो हजार से अधिक मरीजों का इलाज किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजेथुआ पहुंचीं 30 वर्षीय सुमन पेट दर्द, गैस्ट्राइटिस और उल्टी से परेशान थीं। उन्हें चेकअप करके दवाएं दी गईं। तवक्कलपुर नगरा की 60 वर्षीय अमरावती पेचिश से पीड़ित थीं। मझगवां के राघव को दस्त हो रहे थे। इन सभी का चेकअप करके दवाएं दी गई हैं। डाॅ. प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि मेले में आए 32 मरीजों में अधिकांश बुखार, पेट दर्द व उल्टी से परेशान थे।
कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 26 मरीजों का परीक्षण किया गया। डॉ. डीके विश्वास ने बताया कि 26 मरीजों में डायरिया के आठ व सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित आठ मरीज आए थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़वार के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वेदांत ने बताया कि जन आरोग्य मेले में पीएचसी अलीगंज में 25, भंडरा में 18, अझुई में 31, हरखीपुर में 29 और सीएचसी में 78 मरीजों की जांच की गई।
इसमें डायरिया, बुखार, पेट दर्द के मरीज अधिक रहे। डायरिया के कुछ गंभीर मरीजों को मेट्रोजिल की ड्रिप चढ़ाई गई है। इसके बाद मरीजों को जाने दिया गया। मेले में इलाज कराने आए कुछ मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ीं। सीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि जन आरोग्य मेले में डायरिया, बुखार समेत अन्य रोगों की दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई हैं। दो हजार से अधिक मरीजों का इलाज किया गया है।