उत्तर प्रदेश में गढ़मुक्तेश्वर के दौताई गांव में चुनावी रंजिश के चलते सपा नेता हाजी मुजाहिद को गोलियों से भून दिया गया।
उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त विकार ठाकुर गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात के वक्त दोनों दोस्त कार से गढ़-चौपला होते हुए दौताई लौट रहे थे, तभी कार सवार हथियारबंद हमलावरों ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली और अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
आक्रोशित लोगों ने ग्राम प्रधान के घर में आग लगाकर कार में तोड़फोड़ की।
मृतक सपा नेता मूलरूप से गाजियाबाद के डासना के निवासी थे। घायल विकार के भाई ने जेल में बंद दो लोगों सहित 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने घटना स्थल से 32 और 315 बोर के 12 खोखे बरामद किए हैं। समाचार लिखे जाने तक एसएसपी सहित आला अधिकारी गांव में कैंप किए थे।