सोनभद्र। सहकारिता विभाग ने यूरिया की किल्लत दूर करने की पहल तेज कर दी है। जिले के सहकारी समितियों पर जल्द ही 1450 मीट्रिक टन यूरिया पहुंच जाएगी। इससे किसानों की काफी हद तक समस्या दूर हो जाएगी। बता दें कि जिले में वर्ष 2020-21 के लिए 11108 एमटी यूरिया का लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष अभी तक समस्त सहकारी समितियों एवं उर्वरक बिक्री केंद्रों पर 7529 यूरिया उर्वरक की आपूर्ति की जा चुकी है। दो दिन पूर्व मिर्जापुर के रैक प्वाइंट पर 42 बैगन की इफको यूरिया की रैक प्राप्त हुई है। इसके सापेक्ष सोनभद्र को 19 बैगन 1153.125 एमटी यूरिया का आवांटन हुआ था, जिसे समितियों पर भेज कर किसानों में वितरित कराया जा रहा है। मंगलवार को पुन: जिले को 1450 मीट्रिक टन यूरिया मिली है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता टीएन सिंह ने कहा कि समितियों पर उर्वरक भेजी जा रही है। ताकि किसानों को यूरिया के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। कहा कि समितियों के सचिवों को नियमानुसार सरकारी दर पर किसानों को खाद मुहैया कराई जा रही है। इसकी मॉनिटरिंग वह स्वंय कर रहे हैं।