दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में शनिवार की रात एक युवक ने शराब के नशे में खुद पर तेल छिड़ककर आग लगा ली। आग लगने के बाद उठ रहे लपटों के बीच गिरे युवक की चीख पुकार सुन कर परिवार के लोगों ने मौके पर पहुंच कर आग को बुझाने के साथ ही उसे सीएचसी दुद्धी ले गए।
परिजनों के मुताबिक बीड़र गांव निवासी प्रदीप (28) शराब का आदी है। शनिवार की रात करीब 12 बजे घरेलू बात को लेकर घरवालों से झगड़ रहा था। वह शराब के नशे में धुत था। देर रात परिवार के लोग जब सो गए तो प्रदीप ने आग लगा ली। उधर, डॉ. शाह आलम ने बताया कि मरीज लगभग 30 प्रतिश्त जला हुआ है। देर रात उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बर्न यूनिट की व्यवस्था ना होने से जले हुए मरीजों के लिए थोड़ी परेशानी जरूर होती है, लेकिन इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक के अनुसार मरीज की स्थिति में सुधार है।