वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बृहस्पतिवार को खड़िया बाजार में बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक सरकारी कोटे की दुकान से गल्ला लेकर घर लौट रहा था।
घटना से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे आवागमन बाधित रहा। खड़िया के नया टोला (नाई टोला) निवासी राजेश वर्मा (19) पुत्र भगवान दास बाजार के हनुमान मंदिर के पीछे स्थित सरकारी राशन की दुकान से गल्ला लेने गया था। आते समय अशोका मार्केट के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने राजेश की बाइक को चपेट में ले लिया।
इसके बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा लेकिन बाइक उसके अगले टायर के नीचे फंस गई। यह देख चालक वाहन से कूद कर भागने लगा लेकिन आसपास के लोगों ने दौड़ा कर उसे पकड़ लिया। हादसे की जानकारी पर बाजार व गांव के लोग सड़क पर उतर गए।
हाईवे जाम कर कार्रवाई और मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने व शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया लेकिन विरोध के चलते संभव नहीं हो पाया। पुलिस ने ठोस कार्रवाई व नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया, तब जाकर करीब करीब तीन घंटे बाद जाम खुला।