सोनभद्र/दुद्धी। विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची के संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विशेष बूथ दिवस आयोजित हुए। नाम जोड़वाने, संशोधन कराने के आवेदन के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सक्रिय रहे। अफसरों ने भी बूथों का निरीक्षण किया।डीएम टीके शिबू व एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने चतरा ब्लाक के रामगढ़ मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने संबन्धित बीएलओ से बूथ संख्या 153, 154, 155, 156 व 157 में अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराए जाने के लिए प्राप्त आवेदन पत्र के प्रगति और जमा फार्म की संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जेंडर रेसियो की प्रगति ठीक नहीं है। लिहाजा संबन्धित ग्राम सभा में जाकर छूटे हुए व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, जिससे जेंडर रेसियो बढ़ सके। उधर, दुद्धी में एसडीएम रमेश कुमार ने दुमहान, बीड़र, बीआरसी दुद्धी, जीजीआईसी दुद्धी में बीएलओ के कार्य की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से 18 वर्ष के नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृतकों का नाम हटाने तथा संशोधन के साथ साथ दिव्यांग और 80 से अधिक उम्र वाले मतदाताओं को मतदाता सूची में टैगिंग के संबंध में जानकारी ली। निर्वाचक नामावली से जुड़े लोगों के साथ वार्ता कर स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत नए नाम बढ़वाने के लिए प्रेरित किया।