दुद्धी। नगर स्थित जीआईसी खेल मैदान पर रविवार को क्रिकेट खेलते समय एक युवक करंट की चपेट में आने से झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया।
रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे डिग्री काॅलेज के बगल में जीआईसी खेल मैदान पर क्रिकेट खेलते समय गेंद बाउंड्रीवाल के भीतर चल गया। गेंद लेने के लिए युवक रजा रेहान खान (20) पुत्र इमरान खान निवासी दुद्धी जैसे ही बाउंड्रीवाल पर चढ़ा, तभी ऊपर से गुजर रहे 33 हजार केवीए का करंट सिर तक आ गया। करंट के झटके से युवक नीचे गिरा। साथी खिलाड़ियों ने युवक को सीएचसी दुद्धी में भर्ती कराया। केंद्र अधीक्षक डॉ शाह आलम अंसारी ने बताया कि युवक की हालत में सुधार है। अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।