बीजपुर। थाना क्षेत्र के सिरसोती ग्राम पंचायत के नकटू टोला में सोमवार की रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। उसका खून से लथपथ शव सड़क पर पड़ा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
मंगलवार की रात बीजपुर-रेणुकूट मार्ग से गुजर रहे लोगों ने सिरसोती के नकटू गांव के पास सड़क पर शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस शव लेकर म्योरपुर सीएचसी पहुंची। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजन सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। अभी तक कोई परिजन नहीं आए हैं। प्रभारी निरीक्षक मिथलेश मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टटा अज्ञात वाहन की चपेट या वाहन से गिरकर मौत प्रतीत हो रही है। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास होगी।