पन्नूगंज थाना क्षेत्र के भवानीगांव के सामने रविवार को दो टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों टेंपो में सवार सात लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। अन्य पांच लोगों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई।
उसरी कलां निवासी आर्य कुमार (40) इसी गांव के जोखू प्रसाद विश्वकर्मा (48), बिहार के अधौरा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ निवासी मंजू देवी (40), सलखन निवासी पूजा (30) पत्नी चंदन चेरो, वैनी निवासी मनीषा विश्वकर्मा (30), उनका पुत्र कृष्णा विश्वकर्मा (5), कोन के सरगम निवासी आत्मा खातून (60) पत्नी रहमत, रायपुर निवासी विजय बहादुर (58) टेंपो में बैठकर पन्नूगंज की ओर जा रहे थे।
रविवार की दोपहर में करीब 12 बजे मुख्य मार्ग पर सवारी टेंपो जैसे ही भवानी गांव के सामने पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे टेंपो ने टक्कर मार दिया। घटना में दोनों टेंपो में बैठे लोग घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा पहुंचाया गया। वहां आर्य कुमार विश्वकर्मा (40) को डाॅक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं जोखू प्रसाद और विजय बहादुर की स्थिति नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष पांच घायलों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई।