रामगढ़। पन्नूगंज थाना अंतर्गत रामगढ़ कस्बे में शुक्रवार की रात एक मकान में करंट उतरने से एक युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने शनिवार की सुबह शव सड़क पर रखकर रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की। साथ ही विभाग के अफसरों पर कार्रवाई के लिए कहा।
रामगढ़ कस्बे में नहर के पास सुरेंद्र मोदनवाल का मकान और दुकान है। शुक्रवार की रात सुरेंद्र का पुत्र रवि उर्फ विक्की (25) दुकान बंद करने के बाद घर में लगे लोहे के दरवाजे को बंद कर रहा था। लेकिन दरवाजे में करंट उतर रहा था इससे वह चपेट में आ गया। परिजन उसे छुड़ाकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात में परिजन शव लेकर घर आ गए। सुबह करीब सात बजे रामगढ़ कस्बे में शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर टायर भी जलाया। सूचना पाकर पन्नूगंज एसओ राजेश सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने की कोशिश की लेकिन लोग मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। लगभग दो घंटे जाम के बाद मौके पर सीओ सदर राहुल पांडेय, रायपुर, रामपुर बरकोनिया थाना पुलिस और पीएसी के साथ पहुंचे। लोगों से वार्ता कर सड़क खाली करवाया। कुछ देर बाद सदर एसडीएम रमेश कुमार, एक्सईएन विद्युत ने भी मौके पर पहुंचे। रवि के परिजनों से वार्ता कर उचित मुआवजा और खराब बिजली के तार को ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस पर लोग माने और करीब दसे बजे आवागमन सुगम हो सका।