चैनपुर गांव में शनिवार की देर शाम बावली में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक चैनपुर निवासी सुनील कुमार (18) शनिवार को दोपहर बाद घर से नहाने के लिए निकला था। घर से करीब 50 मीटर दूर बावली में नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी खोजबीन कराने लगे। खोजते हुए जब घरवाले बावली तरफ गए तो वहां किनारे पर उसका कपड़ा रखा मिला।
कपड़े के आधार पर लोगों ने बावली में खोजना शुरू किया। काफी देर बाद बावली में युवक का शव मिला। शव मिलते ही परिजनों की चीख-पुकार शुरू हो गई। मृतक सुनील चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। पिता की मौत एक वर्ष पूर्व हो गई थी। पिता के मरने के बाद मां का सहारा बना था। बेटे की मौत ने मां को झकझोर दिया है। मां शकुंतला देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। घटना की सूचना मृतक के भाई सुग्रीव ने पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने घटनास्थल पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।