घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के कन्हरा गांव में बुधवार की रात तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने खेत के पास सड़क किनारे बैठा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कन्हरा गांव निवासी नान्हक बैसवार (32) बुधवार की रात खाना खाने के बाद घर से कुछ दूर स्थित अपनी पाही पर खेत की रखवाली के लिए गया था। पशुओं को चारा-पानी देने के बाद वह खेत के बाहर सड़क किनारे बैठकर कुछ लोगों से बातचीत करने लगा। इसी दौरान बैजनाथ गांव की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसे चपेट में ले लिया। गंभीर घायल नान्हक को घोरावल सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नान्हक पिता का इकलौता पुत्र था। उसे क्रमश: छह व तीन वर्ष की दो बेटियां हैं। उसकी पत्नी गर्भवती है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।
दो बच्चियों के सिर से उठा पिता का साया
घोरावल। नान्हक की मौत के बाद घर का इकलौता चिराग बुझ गया। दो छोटी बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। बुधवार देर रात कन्हरा गांव में जब नान्हक प्रसाद बैसवार की मौत की खबर पहुंची तो बिलखते परिजन और ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में साथ में गए परिजनों ने बताया कि मृतक नान्हक की खेती किसानी से घर परिवार का गुजर बसर होता था। मृतक की 2 साल और 3 साल की दो बेटियां हैं। नान्हक की पत्नी कबूतरी देवी गर्भवती है। पति की मौत के बाद पत्नी बेसुध हो गई। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता गुल्लुर और मां बेसुध हो गए।