गरज-चमक के साथ बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। दो महिलाएं झुलस गईं। उन्हें दुद्धी सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए घर लेकर चले गए।
विंढमगंज थाना क्षेत्र से सटे पड़ोसी प्रांत झारखंड के धुरकी थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी सिद्धनाथ बुधवार की शाम को अपने घर के समीप पेड़ के नीचे खड़ा था। उसी समय तेज गरज चमक के साथ बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन उसे सीएचसी दुद्धी ले आए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए परिजन शव को लेकर घर चले गए। दूसरी घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव की है।
बुधवार की देर शाम बारिश के दौरान बिजली की चपेट में आने से झुलसी संगीता देवी (37) पत्नी रामप्यारे, दिव्या (20) पुत्री ओमप्रकाश निवासी जोरूखाड़ को सीएचसी दुद्धी लाया गया। जहां उपचार चल रहा है।