रेणुकूट। रेलवे स्टेशन रेणुकूट पर प्लेटफार्म से कुछ दूरी पर आउटर सिग्नल के समीप बृहस्पतिवार को एक युवक ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। काफी प्रयास के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो पाई।
रेणुकूट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर धीरेंद्र कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर में रेलवे स्टेशन पर सिग्नल के समीप एक युवक पटरी के किनारे बैठा था। इस दौरान चोपन की ओर से आ रही स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के नजदीक पहुंचते ही अचानक वह ट्रेन के आगे कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया। घटना की सूचना पाकर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने युवक के शव की शिनाख्त का काफी प्रयास किया। मगर उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।