ओबरा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर दस स्थित सब स्टेशन के करीब बुधवार की देर रात एक युवक हाईटेंशन तार के टाॅवर पर चढ़ गया। करीब सौ फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने में पुलिस को छह घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसका शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया गया। युवक नशेड़ी बताया जा रहा है। पहले भी वह ऐसी हरकत कर चुका है। इस दौरान इलाके की बिजली भी गुल रही।
बुधवार की रात आठ बजे सेक्टर दस उपकेंद्र के पास 132 केवी लाइन के लिए लगे टाॅवर पर एक युवक चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन मौके पर पहुंची पुलिस ने उपकेंद्र पर सूचना देकर बिजली चालू न करने को कहा। युवक करीब सौ फीट ऊंचे टॉवर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया था। इस कारण उसे समझाने में काफी मुश्किलें होती रही। बिजली गुल होने से अंधेरा के कारण भी दिक्कतें आई। रात करीब साढ़े आठ बजे से युवक को समझाने का क्रम शुरू हुआ, जो रात दो बजे तक चलता रहा। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। रात करीब दो बजे युवक नीचे उतरा तो पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। पुलिस के मुताबिक टाॅवर पर चढ़ा युवक राजेंद्र उफ दउआ नशेड़ी है। करीब चार साल पहले भी राजेंद्र इस तरह से हाईटेंशन टाॅवर पर चढ़ चुका है। कोतवाली प्रभारी देवीवर शुक्ला ने बताया कि शांति भंग के आरोप में युवक का चालान कर दिया गया है।