ओबरा में घटना के बाद मौके पर लगी भीड़।
ओबरा (सोनभद्र)। चोपन-सिंगरौली रेल मार्ग पर भलुआ टोला के पास बुधवार की रात रेलवे लाइन पार कर रहा प्रेमी युगल मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में युवक का बायां पैर कटकर शरीर से अलग हो गया, जबकि युवती के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक ओबरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि कोन थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी गुप्तेश्वर बुधवार को जुगैल थाना क्षेत्र के टोला पिपरा निवासी अपनी प्रेमिका मीनू से मिलने ओबरा आया था। बताया जाता है कि रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों भलुआ टोला स्थित मीनू की चचेरी बहन के घर जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे के बाद दोनों ट्रैक के किनारे खून से लथपथ होकर चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व डायल-108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। इस दौरान दोनों घायल ट्रैक के किनारे ही दर्द से कराहते रहे। एंबुलेंस पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों का उपचार चल रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।