ओबरा। ओबरा सी परियोजना में मजदूरों का लगभग तीन महीने से भुगतान न होने से नाराज मजदूरो ने बृहस्पतिवार को काम ठप कर दिया। सुबह टूल बाक्स मीटिंग के बाद सैकड़ों ने मजदूरी की मांग को लेकर निमार्ण कार्य पूरी तरह से ठप कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। मज़दूरों का कहना था कि मेहनत करके परियोजना का निमार्ण कार्य कर रहे हैं लेकिन हमें मजदूरी तक नहीं मिल रही है। मजदूरों का कहना है कि बार बार शिकायत करने के बावजूद उनकी न तो ठेकेदार ही सुन रहा है और न ही परियोजना प्रशासन। मजदूरों ने चेतावनी देते हुये कहा कि जब तक मजदूरी नहीं मिलेगा तब तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल में ईसीसी, एनटीआईसी, आईईडब्ल्यू, आरकेई, जीसा, पीएनसी सहित कई कंपनियों के मजदूर शामिल रहे। उधर ठेकेदारों का आरोप है कि उन्हें पिछले 8 से 10 महीनों से भुगतान नहीं मिला, जिसके चलते मजदूरों को भी पिछले तीन महीने से वेतन नहीं दिया जा सका। ठेकेदारों ने बताया कि दुसान प्रबंधन, परियोजना प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को कई बार भुगतान न होने की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। इस संबंध में ओबरा सी परियोजना का निर्माण कर रही दुसान पावर के एच आर दिलीप ठाकुर ने बताया कि मजदूरों के भुगतान को लेकर कंपनी प्रतिनिधियों से वार्ता हुई है। जल्द भुगतान कर दिया जायेगा।