डाला क्षेत्र में क्रशऱ प्लांट पर काम करने गए मजदूर की मौत के मामले में परिजनों क़ो समझाती पुलिस।
हाथीनाला। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के खरधन डंडी टोला निवासी गुलाब गोंड (58) की बुधवार रात लोढ़ी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बिल्ली-मारकुंडी डाला बाड़ी स्थित एक क्रेशर प्लांट पर हेल्पर का काम करने गए थे। उनकी मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों के अनुसार, गुलाब गोंड मंगलवार को क्रेशर प्लांट पर काम करने गए थे। रात में काम खत्म होने के बाद वह प्लांट पर ही रुक गए। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्लांट कर्मियों ने उन्हें आनन-फानन अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान बुधवार रात उनकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा। देर शाम परिजन मुआवजे की मांग को लेकर टेंपो में शव रखकर डाला की ओर जा रहे थे। रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच काफी देर तक वार्ता हुई। चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि श्रमिक की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।