सोनभद्र/दुद्धी। एक अक्तूबर से शुरू होने वाले संचारी रोग अभियान के तहत शुक्रवार को तहसीलों में समन्वय समिति की बैठक हुई। स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास के अधिकारियों-कर्मचारियों को समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया। सदर तहसील सभागार में एसडीएम रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में संचारी रोगों की पहचान और अभियान के दौरान इसकी रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बारिश के बाद संक्रामक बीमारियों के प्रकोप की संभावना रहती है। लिहाजा सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इसके लिए सजग बनाएं। बैठक में सदर, चतरा, नगवां ब्लाक के बीडीओ, सभी पीएचसी-सीएचसी के प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उधर, दुद्धी तहसील सभागार में हुई बैठक में एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने कहा कि पहले सतर्क रहेंगे तो संचारी रोगों को फैलने से रोका जा सकता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ शाह आलम अंसारी ने कहा कि एक से 31 अक्तूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलना है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी जिम्मेदारी तय की गई है। तेज व लगातार बुखार बने रहना, सुस्त होना, दांत पर दांत बैठना, शरीर में झटके आना, कोमा या बेहोशी, लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल अस्पताल से संपर्क करें। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और अगर कोई बीमार पाया जाता है तो वे इलाज की व्यवस्था करते हुए एक मेडिकल किट उपलब्ध कराएंगे। बैठक में बीडीओ मनीष मिश्रा, बीईओ महेंद्र मौर्या आदि मौजूद रहे।