रॉबर्ट्सगंज राजा शारदा महेश इंटर कालेज में मतदाता सूची का पुनिरीक्षण करते कर्मी। संवाद
सोनभद्र। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए शनिवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष पंजीकरण कैंप लगाए गए। इनमें नए मतदाताओं और सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों ने फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया। पंजीकरण के लिए युवाओं में उत्साह दिखा। वहीं, पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं के अधिक आवेदन आए। जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने रॉबर्ट्सगंज विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर पहुंचकर पंजीकरण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पीएम श्री बालिका इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 36 से 40, राजा महेश शारदा इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 21 से 26 और आदर्श इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 14 से 20 पर लगे कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राप्त फॉर्म-6 और पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने बूथ लेवल अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं समेत सभी पात्र नागरिकों के नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। उन्होंने महिलाओं और पंजीकरण से छूटे लोगों को जागरूक कर आवेदन कराने में सहयोग देने को कहा। सीडीओ जागृति अवस्थी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, ईआरओ और एईआरओ भी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर पंजीकरण कार्य की निगरानी करते रहे। डीएम ने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना और परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांच लें। नाम दर्ज न होने पर फॉर्म-6 से आवेदन करें। डीएम चर्चित गौड़ ने बताया कि विशेष कैंप के पहले दिन पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं के अधिक आवेदन आए हैं। अगले सप्ताह 24 अक्तूबर को भी कैंप लगाया जाएगा।