ओबरा में आयोजित कजरी महोत्सव कार्यक्रम में शामिल महिलाएं। संवाद
ओबरा। नगर के वीआईपी रोड स्थित भवन में रविवार की देर शाम कजरी सावन महोत्सव 2026 उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान सोलह शृंगार में सजी महिलाओं द्वारा पारंपरिक कजरी व सावन के गीतों पर पारंपरिक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम आयोजक आरती बाजपेई ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को दैनिक घरेलू दिनचर्या से इतर सकारात्मक परिवेश प्रदान करना है। यह आयोजन महिलाओं को सामाजिक रूप से जोड़ने, उनकी सामाजिक भागीदारी बढ़ाने और जीवन में उमंग व स्वाभिमान का संचार करने की एक सार्थक पहल है। आयोजन में नगर की कई प्रमुख सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की। इसमें गायत्री परिवार, लायंस क्लब और इनर व्हील क्लब, साईं समिति की प्रतिनिधि प्रमुख रूप से शामिल रहीं।