जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई घटनाओं में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में एक महिला का शव फंदे से लटकता मिला, जबकि जुगैल थाना क्षेत्र में पुलिया निर्माण कार्य के दौरान एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दोनों शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया। पहली घटना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत गांव की है। यहां सुनीता (42), पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र, का शव शुक्रवार सुबह घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दूसरी घटना जुगैल थाना क्षेत्र के बरगवां की है। चोपन थाना क्षेत्र के अदलगंज निवासी सुनील (31) बरगवां में निर्माणाधीन पुलिया पर ठेकेदार के मुंशी के रूप में कार्यरत था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे काम के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह कुर्सी से नीचे गिर पड़ा। साथ काम कर रहे लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जुगैल के प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल से मेमो मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।