सोनभद्र। करमा थाना पुलिस ने मारपीट के चार माह पुराने मामले में केस दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश के बाद चार लोगों को आरोपी बनाया गया है।
सरंगा गांव निवासी मनीता ने अपर सिविल जज की अदालत को बताया कि 12 दिसंबर की सुबह वह अपने घर थी। बाहर काम करने के कारण पति घर पर नहीं थे। उसी समय जमीन विवाद को लेकर गांव के पुसू यादव, उनकी पत्नी सविता, बेटा मोनू यादव लाठी-डंडा लेकर दरवाजे पर चढ़ आए। गाली देने लगे, मना करने पर मारने के लिए दौड़े। डर कर वह घर में भाग गई। आरोप है कि चारों आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। घटना की सूचना थाने पर दी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिला अस्पताल लोढ़ी में उसका आज भी दवा इलाज चल रहा है। अब मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों पर मारपीट और लूट का केस दर्ज किया है।