बभनी/महुली। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुएं में गिरने से महिला और युवती की मौत हो गई। बभनी के चौना गांव में युवती कुएं में डूब गई। वहीं विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में महिला ने कुएं में कूदकर जान दे दी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया है।
चौना गांव निवासी लालमन की पुत्री कौशल्या (25) शुक्रवार को घर पर अपनी मां के साथ थी। परिवार के अन्य सदस्य एक कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गए थे। शाम को पड़ोस की महिलाएं कुएं में पानी भरने गईं तो अंदर कौशल्या का शव देख सन्न रह गईं। ग्राम प्रधान दीनदयाल जायसवाल के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाते हुए कब्जे में लिया। पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
उधर, विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोरुखाड़ गांव में शनिवार की सुबह अनिता देवी (37) पत्नी देवमुनि यादव ने कुएं में कूदकर जान दे दी। परिजनाें के मुताबिक वह कई वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसका इलाज रांची के एक अस्पताल से चल रहा था । शनिवार को उसने अज्ञात परिस्थितियों में घर के बगल में स्थित कुएं में छलांग लगा दी। मृतका को 7 वर्ष की पुत्री व 4 वर्ष का पुत्र है। उनके लिए उसने जिउतिया का व्रत भी रखा था। विंढमगंज थानाध्यक्ष श्यामबिहारी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।