ओबरा पीजी कालेज में हवन करते धरनारत छात्र।
- फोटो : SONBHADRA
सात सूत्री मांगों के समर्थन में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों का 14वें दिन सोमवार को भी महाविद्यालय गेट पर अनशन जारी रहा। छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन को सदबुद्धि प्रदान करने के लिए अपना सिर मुड़वाकर हवन किया। उधर, छात्रों के आंदोलन को युवा मंच ने भी समर्थन दिया है।
छात्र नेताओं ने कहा कि ओबरा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को भारी समस्या और संकट से गुजरना पड़ रहा है। इस संकट को दूर करने के लिए हवन किया जा रहा है। ठाकुर प्रसाद गोंड ने अपने सिर का बाल मुड़वाया। उधर, युवा मंच ने छात्र नेताओं के 10 सूत्री मांगों को लेकर ओबरा पीजी कालेज गेट पर चलाए जा रहे क्रमिक भूख हड़ताल को समर्थन दिया है।
युवा मंच के प्रदेश संयोजक राजेश सचान ने कहा कि विषयवार प्रोफेसर की नियुक्ति, पुस्तकालय, छात्रावासों की मरम्मत, महिला छात्रावास बनाने, छात्र संघ चुनाव जैसे मुद्दों को लेकर जारी आंदोलन वाजिब है। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में छात्रों की मांगों का संज्ञान लेकर शीघ्र हल कराने की अपील की।
जिलाध्यक्ष रूबी सिंह गोंड ने बताया कि प्रेषित पत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने के लिए विशेष पैकेज देने की मांग की गई है। इस मौके पर हरिओम यादव, आदर्श गुप्ता सत्येंद्र यादव, राम सूरत जायसवाल, विकाक रंजन, छात्र नेता सतीश कुमार यादव, धीरज कुमार यादव, महेश यादव, रमेश कुमार यादव, रितेश मिश्रा आदि रहे।