सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव से सोमवार की शाम लापता हुए दो बच्चों को पुलिस ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर दोनों बच्चे घर छोड़कर निकल गए थे। ट्रेन पर सवार होकर दोनों अन्यत्र जा रहे थे। पुलिस ने ट्रेन रुकवाकर दोनों बच्चों को उतारा। पूछताछ के बाद उन्हें परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पुसौली गांव निवासी सुरेश ने सोमवार की देर शाम पुलिस को सूचना दी कि उसके पुत्र प्रिंस उर्फ सूरवीर (12) और अंशू (8) कहीं चले गए हैं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कहीं पता नहीं चल रहा। सूचना पर हरकत में आई पुलिस बच्चों की तलाश में जुट गई। सीओ सिटी राहुल पांडेय के निर्देशन में पुलिस ने बच्चों की खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद बच्चों के सोनभद्र रेलवे स्टेशन तक आने और त्रिवेणी एक्सप्रेस पर सवार होने की जानकारी हुई। कुछ देर पहले ही ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई थी।
आनन-फानन पुलिस ने खैराही रेलवे स्टेशन पर सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया। वहां पहुंचकर पुलिस ने दोनों बच्चों को ट्रेन से उतारा। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि घरवालों की रोज-रोज की डांट से क्षुब्ध होकर वह घर से निकल गए थे। स्टेशन आकर ट्रेन पर सवार हो गए। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय, एसआई शाहिद यादव, कांस्टेबल रमेश गोंड की मदद से मिले बच्चों को पूछताछ के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।