सोनभद्र। कोरोना संकट के कारण बीते दिनों विकास कार्यों पर काफी असर पड़ा था। कई कार्य ऐसे थे जिन पर विराम लग था। अब जब कोरोना का संकट कम हुआ तो विकास ने रफ्तार पकड़ ली है। एक दर्जन ऐसे कार्य हैं जो दो माह पूर्ण भी हो जाएंगे। इसमें 50 आंगनबाड़ी केंद्र और 500 से अधिक स्कूल कायाकल्प के कार्य भी शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद है। जिले में कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने विकास कार्यों की पहिये को रोक दी थी। कोरोना संक्रमण के रोकने के मद्देनजर लगाए गए कर्फ्यू के कारण सरकार की ओर से गरीबों को दिए गए आवास, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य, स्कूलों के कायाकल्प, पेयजल परियोजना के लिए बिछाई जा रही पाइप लाइन समेत अन्य विकास कार्य ठप पड़ गए थे। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एवं कोरोना कर्फ्यू में बंद पड़ी योजनाएं अब रफ्तार पकड़ेगीं। विकास की योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। पिछले दिनों मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने शिक्षा समेत अन्य विभागों के अफसरों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यो के प्रगति की समीक्षा की थी। उन्होंने संबंधितों को पूरी गंभीरता के साथ अधूरे निर्माण कार्यों को पूर्ण कराते हुए अन्य योजनाओं को क्रियान्वित करने का निर्देश दिया है।