दुद्धी। सूचना देने के बाद महज 10 मिनट में एंबुलेंस पहुंचने के दावों की फिर पोल खुल गई है। सर्पदंश से पीड़ित महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए फोन करने के बाद परिजन 30 मिनट तक इंतजार करते रहे। एंबुलेंस नहीं पहुंची तो फिर रिक्शा ट्रॉली पर रखकर महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।
खजुरी गांव निवासी सोनी देवी (40) शनिवार को घर के बाहर लकड़ी लेने गई थीं। लकड़ी निकालने के दौरान उन्हें बाएं हाथ में सांप काट लिया। कुछ ही देर में तबीयत बिगड़ने लगी और सोनी देवी बेहोश हो गई। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक कराने की सोची, फिर भतीजे ऋषि ने अस्पताल जाने के लिए एंबुलेंस सेवा के 108 नंबर पर फोन किया। ऋषि ने बताया कि दूसरी ओर से कहा गया कि इंतजार करिए। आधा घंटा बीतने पर भी एंबुलेंस नहीं पहुंची तो रिक्शा ट्रॉली पर लादकर महिला को अस्पताल पहुंचाया। यहां इमरजेंसी में चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने महिला का उपचार किया।