सोनभद्र। जिले में गेहूं खरीद बढाने के लिए शासन स्तर से ग्राम पंचायत स्तर पर एजेंसी खोलने की अनुमति मिल गई है। अब कोई भी व्यक्ति खाद्य विभाग के अधीन एजेंसी बनकर गेहूं खरीद कर सकता हैं। संबंधित एजेंसी के माध्यम से खरीदा गया गेहूं भारतीय खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं इसके एवज में एजेंसी को 27 रुपये प्रति क्विंटल के दर से भुगतान किया जाएगा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित कुमार चौधरी ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजनान्तर्गत ग्राम के प्रधान का सक्रिय सहयोग प्राप्त करते हुए ग्राम पंचायतों में क्रय एजेन्सी बनाये जाने की व्यवस्था की गई है। यदि कोई ग्राम पंचायत गेंहूॅ खरीद के लिये खाद्य विभाग के अधीन एजेन्सी बनने के लिए इच्छुक है, तो प्रार्थना पत्र प्राप्त कर क्रय एजेन्सी नामित किये जाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराई जायेगी। उक्त ग्राम पंचायत के सचिव को दो दिन में प्रशिक्षित किये जाने की कार्यवाही जिला खाद्य विपणन अधिकारी की तरफ से पूर्ण कराई जायेगी। ग्राम पंचायत को एजेन्सी नामित किये जाने पर उनके द्वारा किये गये खरीद को भारतीय खाद्य निगम को प्राप्त कराया जायेगा। गेंहॅू की खरीद भारत सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित धनराशि 27 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन देय होगा। गुणवत्ता मानकों के अनुसार गेंहू की खरीद की जायेगी। भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार ही गेंहॅू खरीद सुनिश्चित करायी जायेगी।