यूपी एसटीएफ और चोपन पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार की रात 3.64 क्विंटल गांजा की खेप बरामद की। कोयले की राख के नीचे छिपाकर यह गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था। इसे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाना था।
पुलिस ने ट्रक मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस लाइन सभागार में एएसपी कालू सिंह ने मीडिया को बताया कि शनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ व चोपन थाने की संयुक्त टीम ने सोन नदी पुल चोपन से एक ट्रक को पकड़ा।
उसके कागजात चेक किए गए तो उस पर कोयले की राख लदा होने का जिक्र किया था। ट्रक के अंदर उतरकर तलाशी कराई गई तो राख के नीचे दस बोरियों में कुल 3.64 क्विंटल गांजा भरा हुआ था। बरामद गांजा की कीमत करीब 72 लाख रुपये है।
ट्रक चालक प्रयागराज के बहरिया निवासी हसन अली और ट्रक मालिक मऊआइमा थाना क्षेत्र के पूरे पांडेय निवासी शिव प्रसाद मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह ओडिशा के केवझर से गांजा लेकर आते हैं और प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अलग-अलग स्थानों पर बेचते हैं।
पहले भी वह तस्करी कर चुके हैं। पुलिस टीम में चोपन एसओ विजय चौरासिया, इंस्पेक्टर अपराध इरफान अली, एसटीएफ लखनऊ के एसआई फैजुद्दीन सिद्दीकी आदि शामिल रहे।