शक्तिनगर। एनटीपीसी के खड़िया स्थित कांटे पर राख ढुलाई को लेकर ट्रांसपोर्टरों और सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के बाद पावर प्रोजेक्ट प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रबंधन ने सुरक्षा एजेंसी के संचालक को चेतावनी दी है कि निविदा की शर्तों के उल्लंघन और निर्धारित कार्यक्षेत्र से बाहर दखल देने पर एजेंसी को काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। दरअसल, दो दिन पहले खड़िया कांटे पर राख ढुलाई में लगे ट्रक-ट्रेलरों की फोटो और वीडियो बनाने को लेकर सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों और ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच मारपीट हो गई थी। आरोप था कि सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी प्रति वाहन 200 रुपये मांग रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनका चालान किया था। जानकारी मिलने पर एनटीपीसी प्रबंधन ने दोनों पक्षों को तलब किया। प्रबंधन ने सुरक्षा एजेंसी के संचालक को निर्धारित कार्य से इतर ट्रांसपोर्टरों पर प्रभाव स्थापित करने की कोशिश पर आपत्ति जताई। स्पष्ट किया कि एजेंसी को हर हाल में निविदा की शर्तों का पालन करना होगा। ऐसा नहीं होने पर अनुबंध की शर्तों के तहत उसे काली सूची में डालने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। शक्तिनगर के थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि सभी पक्षों को नियमों के दायरे में रहकर काम करने की चेतावनी दी गई है। नियमों के विपरीत कार्य करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।