22वी अंतरराजीय वॉलीबॉल संघर्ष फ्रेंड्स क्लब बखरिहवा की तरफ से दो दिवसीय वाॅलीबाॅल प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार को हुआ। वन क्षेत्राधिकारी जरहा सुधीर कुमार सिंह, ब्लाॅक प्रमुख म्योरपुर मानसिंह गोड़, इंजानी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामअवध सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। संघर्ष फ्रेंड्स क्लब के सदस्यों ने अतिथियों को बैच लगाकर स्वागत किया। उद्घाटन नाक आउट लीग मैच बखरिहवा बी और लीलासी के बीच खेला गया, इसमें बखरिहवा बी ने लगातार 21-17, 21-18 से लीलासी को हराया। दूसरे मैच में लीलाडेंवा ने आदिवासी कटौली को 15-6, 15-6 से हराया। तीसरे मैच में कुदरी ए ने बभनी को 15-12 और 16-15 से मात देकर जीत हासिल की। संघर्ष फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष अमरेश तिवारी ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों के साथ ही छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्यप्रदेश राज्य की शहरी एवं ग्रामीण टीमें प्रतिभाग करेंगी। प्रतियोगिता के सभी लीग मुकाबले नॉकआउट के आधार पर खेले जा रहे है। प्रथम दिन ग्रामीण टीम और दूसरे दिन शहरी टीम खेलेगी। निर्णायक की भूमिका में कैलाश यादव, खुर्शीद आलम, मुकेश पांडेय, स्कोरर-विनोद कुमार और देवकुमार, कमेंटेटर रामचरन पनिका और भागवत ने निभाई। इस मौके पर क्लब के श्याम मोहन, संदीप शर्मा, रविन्द्र श्रीवास्तव, राहुल तिवारी, सोनू रवानी, अभय कुमार, संदीप जायसवाल, कुंजबिहारी, सीताराम, रामसूरत, जयप्रकाश आदि रहे।