फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: सड़क निर्माण न होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

विज्ञापन
बभनी से घघरी सड़क निर्माण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत स्वयं
विज्ञापन
बभनी। क्षेत्र में ग्राम पंचायत घघरी से बभनी मुख्य चौराहे तक वन क्षेत्र से गुजरने वाले मुख्य मार्ग का निर्माण कराने के लिए मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी से सड़क निर्माण कराने की मांग की है। घघरी से बभनी मार्ग पिछले कई दशकों से निर्माण की प्रतीक्षा में है। इस सड़क से सैकड़ों ग्रामीणों का आवागमन प्रतिदिन होता है। यही एक सड़क ग्रामीणों के लिए आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थी, किसान, मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग और मरीज सहित आम नागरिक प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करते हैं। वर्तमान में मार्ग की स्थिति जर्जर है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बारिश में यह मार्ग कई स्थानों पर दुर्गम हो जाता है। इस कारण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि कार्य, व्यापार और आपातकालीन सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जो क्षेत्र के समग्र विकास में बाधा बन रहा है। इस संबंध में समय-समय पर विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण आज भी मूलभूत सड़क सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि घघरी से बभनी तक प्रस्तावित मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण संबंधित विभागों से कराया जाए। ग्रामीणों ने वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मार्ग निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मार्ग निर्माण में कोई बाधा है, तो उसका समयबद्ध निराकरण किया जाए। प्रदर्शन करने वालों में देवेंद्र कुमार शर्मा, आशीष, श्याम कार्तिक, श्याम नारायण, अमर पटेल, अशोक कुमार, बृजेश कुमार, अंजनी कुमार, विनोद कुमार पटेल, जवाहर, रामनारायण, संतोष आदि ग्रामीण शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें