दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के बीडर गांव के चौराहे पर रविवार की सुबह ग्रामीणों ने बैरियर लगाकर छोटे बड़े सवारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी।
बीडर से रजखड होते हुए दुद्धी और हाथीनाला जाने वाले रास्ते में लौवा नदी पर स्थित पुलिया के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने यह कदम उठाया। सुरक्षा के मद्देनजर सुबह सात बजे से ही बैरियर गिराकर गाड़ियों की आवाजाही बंद करा दी गई। इससे छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह ने ग्रामीणों से छोटे सवारी वाहनों की आवाजाही को प्रभावित न करते हुए बसों की आवाजाही को रोकने की मंजूरी दी, जिससे दुद्धी क्षेत्र के लोगों को सुगमता बनी रहे। प्रभारी निरीक्षक के इस फैसले के बाद ग्रामीणों ने बैरियर हटाया। इसके बाद दुद्धी और हाथीनाला आवाजाही करने वाला वैकल्पिक मार्ग बहाल हो सका।