बभनी ब्लॉक के सहगोडा गांव में पुलिया का निर्माण न होने से क्षुब्ध होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स
बभनी। क्षेत्र के सहगोड़ा गांव में एक साल पहले बारिश में बही पुलिया का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है। घघरी ग्राम पंचायत के सहगोड़ा गांव के जोगी टोला में यह पुलिया पिछले वर्ष तेज बारिश में बह गई थी। इस पुलिया के उस पार लगभग 300 लोग रहते हैं। बारिश का मौसम नजदीक आने से ग्रामीणों को चिंता सता रही है कि बारिश शुरू होने पर इस टोले का संपर्क गांव से कट जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया न होने के कारण गांव के बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। आज भी इस टोले में एंबुलेंस नहीं जा पाती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में बड़ी समस्या खड़ी हो जाती है। टूटी पुलिया में गिरकर राहगीर और वाहन चालक चोटिल हो जाते हैं। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है। आदिवासी बहुल इस टोले के लोगों का आरोप है कि प्रशासन की उपेक्षा के कारण पुल का निर्माण नहीं हो सका है। बारिश के मौसम में लोगों को कई किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। इस समस्या से परेशान कुंवर, रामदेव, रामलाल आदि ने पुलिया के शीघ्र निर्माण की मांग की है।