नगवां ब्लाक के वैनी ग्राम पंचायत में करीब एक साल पूर्व बनी टंकी से अब तक पानी की आपूर्ति शुरू न होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को गांव में टंकी के पास प्रदर्शन किया। उन्होंने पाइप लाइन को जल्द दुरूस्त कराकर पानी की आपूर्ति शुरू कराने की मांग की।
चेताया कि यदि इस गर्मी में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण नागेंद्र, मोहन ने बताया कि ग्रामीण पेयजल योजना के तहत अक्टूबर 2014 निर्माण के लिए सदर विधायक ने शिलान्यास किया था।
करीब दो करोड़ 74 लाख रुपये से यह पेयजल परियोजना तैयार होनी थी। अक्टूबर 2015 मेें ही इस परियोजना से पानी की आपूर्ति शुरू कर देनी थी लेकिन पांच माह बीतने के बावजूद अब तक आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे पानी की समस्या से जुझना पड़ रहा है।
श्याम सुंदर, शंभू ने कहा कि पानी की आपूर्ति के नाम पर संबंधित विभाग के लोग कनेक्शन देने के लिए तीन सौ से चार सौ रुपये की वसूली ग्रामीणों से कर चुके हैं लेकिन अब तक पानी नहीं दे सके।
चार हजार से अधिक आबादी वाले इस गांव में हैंडपंपों ने भी साथ देना छोड़ दिया है जिससे पानी का संकट और गहरा गया है। ग्राम प्रधान मुरारी सिंह ने बताया कि बार-बार आश्वासन देने के बावजूद विभाग इस टंकी से आपूर्ति शुरू नहीं कर सका है।
युवक मंगल दल के विधानसभा अध्यक्ष सत्य नारायण मौर्य ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो ग्रामीण चक्काजाम करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रकांत, गुड्डू, कृष्ण कुमार, शंकर, सत्यनारायण, निर्मल, नागेंद्र मौजूद रहे।