म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बाँसी में पानी की किल्लत से जुझती महिलाओ का विरोध प्रर्दशन। स्रो
रेणुसागर। म्योरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बांसी के एसआरटी टोला में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। बस्ती के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कराने और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार बस्ती में लगे कई हैंडपंप जलस्तर नीचे चले जाने के कारण पानी देना बंद कर चुके हैं, जबकि कुछ लंबे समय से खराब पड़े हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग एक जर्जर हैंडपंप को लकड़ी के सहारे चलाकर किसी तरह पानी निकाल रहे हैं। हैंडपंप का हैंडल टूट जाने के कारण उसे चलाने में काफी ताकत लगानी पड़ती है, जिससे महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि एनसीएल ककरी परियोजना की ओर से सीएसआर निधि के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट स्थापित किया गया था, लेकिन रखरखाव के अभाव में वह भी लंबे समय से बंद पड़ा है। इससे लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर घर जल योजना के तहत भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। कभी-कभी पानी आता ही नहीं और आने पर भी उसका दबाव इतना कम रहता है कि एक बाल्टी पानी भरने में काफी समय लग जाता है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और एनसीएल ककरी परियोजना प्रबंधन को आरओ प्लांट की मरम्मत कर उसे चालू कराने के लिए आवेदन दिया है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।