ओबरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनारी के कड़िया गांव में चोपन-सिंगरौली रेल लाइन पर अंडरपास या ओवरब्रिज की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। नेतृत्व कर रहे रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि इस रेल लाइन पर कहीं भी क्राॅसिंग, अंडरपास या ओवर ब्रिज नहीं होने से ग्रामीणों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते दो-तीन वर्षों में कई कई बार उच्चाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को पत्र देकर गुहार लगाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। बताया कि रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास या ओवर ब्रिज ना होने के वजह से जनता आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रही है। रेलवे लाइन से मोटरसाइकिल पार करने पर उसका चैंबर फट जा रहा है। प्रतिदिन रेलवे लाइन पार कर छोटे-छोटे बच्चे बच्चियां, माताएं बहनें, बुजुर्ग सभी आते जाते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। जल्द से जल्द मांगों को पूरा करने की मांग किया। प्रदर्शन में ईश्वर केसरी, रमेश केसरी, अमरेश केसरी, रामसूरत प्रजापति, मुन्ना यादव, राजमणि यादव, छोटेलाल बैगा, बद्री डॉक्टर, छोटू गोंड आदि शामिल रहे।