सोनभद्र श्रीराम सरोवर धर्म ध्वजा जलाभिषेक यात्रा में शामिल कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु। स्रोत स्वय
घोरावल। विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री राजीव कुमार के नेतृत्व में मंगलवार रात्रि श्रीराम सरोवर धर्म ध्वजा जलाभिषेक यात्रा का समापन हुआ। विश्व कल्याण की कामना को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। यात्रा में दो सौ से अधिक बाइक और करीब दो दर्जन निजी वाहन शामिल रहे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे घोरावल गल्ला मंडी गेट से यात्रा शुरू हुई। काफिला शाहगंज, धर्मशाला, रॉबर्ट्सगंज और नई बाजार होते हुए विजयगढ़ दुर्ग पहुंचा। बारिश की फुहारों के बीच कार्यकर्ता बोल बम, हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष करते हुए आगे बढ़े। विजयगढ़ किले पर स्थित श्रीराम सरोवर से जल भरकर शिवद्वार धाम के लिए जलाभिषेक यात्रा शुरू की गई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रॉबर्ट्सगंज नगर में भी जोरदार पदयात्रा निकाली गई और जगह-जगह कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। शाहगंज स्थित हनुमान मंदिर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पूरे मार्ग में जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर शाम यात्रा शिवद्वार धाम पहुंची। उमा-महेश्वर की आरती के समय कार्यकर्ता मंदिर पहुंचे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।