सोनभद्र। बच्चों को 11 प्रकार की गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए पांच साल में सात बार नियमित टीकाकरण जरूरी है। नियमित टीकाकरण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण टीके सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर उपलब्ध है। गुणवत्ता से युक्त इन टीकों को अब छुट्टी के दिन (रविवार) भी लगया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. आरजी यादव ने बताया कि अभी तक नियमित टीकाकरण कार्यक्रम बुधवार और शनिवार को आयोजित किया जाता था। इसके अतिरिक्त विशेष अभियान चलाकर शून्य से पांच साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाता था, मगर अब छुट्टी के दिन रविवार को भी नजदीकी केंद्रों पर जाकर अभिभावक अपने बच्चों का टीकाकरण करा सकते हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. गिरधारी लाल ने बताया कि जिला अस्पताल व नगरीय पीएचसी पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक जनपद में कुल 48.93 प्रतिशत बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण हो गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की वह अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें और नजदीकी सत्र स्थल पर आकर अपने बच्चों का टीकाकरण कराएं।