सोनभद्र। सोलर एजेंसी का कारोबार संभालने वाले चार व्यक्तियों पर 4.50 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप लगा है। एजेंसी संचालक का दावा है कि आरोपियों ने कथित रूप से गबन की गई रकम से अपनी सोलर की दुकान खोल ली है। मामले में एसपी के निर्देश पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के अदलपुरा निवासी विकास सिंह ने 14 अक्तूबर को पुलिस लाइन पहुंचकर एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया था कि कम्हारी में शाहगंज रोड स्थित धर्मशाला के पास उनकी हनुमत सोलर हाउस नाम से दुकान है। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर का कारोबार होता है। दुकान में अखाड़ा महाल निवासी हरि गोविंद सिंह पटेल प्रबंधक और परासी दुबे निवासी वीरेंद्र प्रताप केशरी अकाउंटेंट के रूप में कार्यरत थे। वहीं, बुड़हर कला निवासी दीपक सिंह पटेल और महेवां निवासी इंद्रेश सिंह को माल और गोदाम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। विकास सिंह के मुताबिक, वह अक्सर बाहर रहते थे। इस दौरान चारों व्यक्ति ही दुकान का कारोबार संभालते थे। तीन सितंबर को वह दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान चारों दुकान और गोदाम बंद कर शोरूम में ताला लगाकर चाबी फेंककर चले गए। लौटने पर हिसाब-किताब का मिलान किया तो पता चला कि वर्ष 2024 से अब तक दुकान और गोदाम में हुई माल की खरीद-बिक्री का कोई हिसाब नहीं दिया गया है। उन्होंने करीब 4.50 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाया है। विकास सिंह का दावा है कि आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने पर पता चला कि उन्होंने कथित रूप से हेराफेरी की गई रकम से छह सितंबर को कम्हारी में सोलर आदि की नई दुकान खोल ली है। रॉबटर्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।