दुद्धी। नगर से सटे जाबर गांव स्थित पेट्रोलपंप पर रविवार की शाम कर्मचारी से मारपीट के मामले में पुलिसिया कर्रवाई से लोग भड़क गए। सोमवार की सुबह नाराज लोगों ने थाना पहुंच कर हंगामा किया। थाने के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मारपीट के मामले में युवक को हिरासत में लेने से लोग नाराज थे।
क्षेत्र के जाबर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मी के साथ रविवार को गाली गलौज करते हुए कुछ लोगों ने मारपीट की थी। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था। रविवार को ही पेट्रोल पंप कर्मी राहुल निवासी पकरी थाना विंढमगंज की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने देर शाम आरोपी को उसके घर से हिरासत में ले लिया। इससे नाराज लोगों ने सोमवार की सुबह सड़क पर काफी देर हंगामा किया। इसके बाद थाने में भी पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच नोकझोंक हुई।
मामले में बड़ी तादाद में थाने पहुंचे स्थानीय व्यापारी, भाजपा नेता, व्यापारी और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया। कहा कि मारपीट जैसे छोटे मामले में एक प्रतिष्ठित व्यक्ति को आधी-रात को उसके घर से बिस्तर से उठाकर अर्धनग्न अवस्था में थाने लाया गया, जो मानवाधिकारों का उलंघन है। लोगों ने कहा कि पुलिस जिस तरह से आधी रात को कार्रवाई कर रही है, लगता है जैसे कोई बड़ा अपराधी हो। इस दौरान लोग आधी रात को दबिश देने का आदेश भी दिखाने की मांग किया। सूचना पर दुद्धी थाने पहुंचे क्षेत्राधिकारी दुद्धी दद्दन प्रसाद नाराज लोगों को समझाने में जुटे रहे। इस मौके पर सिविल बार अध्यक्ष रामलोचन तिवारी, दुद्धी बार अध्यक्ष रामपाल जौहरी, राजकुमार अग्रहरि, कमल कानू, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह, बिपिन बिहारी सहित सैकड़ों लोगों मौजूद रहे।