सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज लोक निर्माण विभाग के डाक बगले में ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में जनपद के सभी शैक्षिक संगठनों की एक सामूहिक बैठक की गई। इसमें सभी शैक्षिक संगठनों ने सामूहिक सहमति से संयुक्त शैक्षिक संगठन संघर्ष समिति का गठन किया। यह निर्णय लिया कि जिले का कोई भी शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति नहीं देगा। सभी शैक्षिक संगठन इसका पूर्ण विरोध करेंगे।
ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में जो भी धरना होगा, उसमें सभी शैक्षिक संगठन व जनपद के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाएं प्रतिभाग करेंगे। जिले के सभी शिक्षक विद्यालय पर काली पट्टी बांध कर ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध करेंगे। 11 जुलाई को 3:30 बजे कलेक्ट्रेट में ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में धरना देंगे। सुनवाई न होने पर 15 जुलाई को कलेक्ट्रेट पर धरना होगा। बैठक में उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष रविभूषण सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष योगेश कुमार पांडेय, संतोष कुमारी, यूटा अध्यक्ष शिवम अग्रवाल, अटेवा अध्यक्ष राजकुमार मौर्य, शिक्षा मित्र संघ अध्यक्ष अरविंद सिंह, आदर्श वेलफेयर शिक्षामित्र संघ अध्यक्ष वकील अहमद आदि उपस्थित रहे।