नवासी कल्याण आश्रम से संबद्ध सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में रविवार को जनजाति गौरव दिवस पर करमा महोत्सव का समापन हुआ। आदिवासी कलाकारों ने करमा, शैला, डोमकच नृत्य की प्रस्तुतियां दी। बिरसा मुंडा पर आधारित फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव गोंड ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। करमा महोत्सव में जिले की दस टीमों ने प्रतिभाग किया। क्षेत्र के जनता इंटर काॅलेज बभनी, दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटर काॅलेज, आदित्य इंटर काॅलेज करमघट्टी, बिरसा मुंडा विद्यापीठ, अभिरन कुंवर बालिका इंटर काॅलेज, प्राथमिक विद्यालय डोडहर, प्राथमिक विद्यालय मझौली दुद्धी के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मुख्य अतिथि संजीव गोंड ने कहा कि वनवासी कल्याण आश्रम जनजाति समाज के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। जनजाति बच्चों को निशुल्क शिक्षा, चिकित्सा प्रदान कर रही है। इसका परिणाम है कि विभिन्न क्षेत्रों में जनजाति बच्चे कार्य कर रहे हैं। क्षेत्र सह संगठन मंत्री आनंद ने जनजाति गौरव दिवस पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद छोटेलाल खरवार, प्रोफेसर केएन भट्ट, गुजरात वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष राधेश्याम कारीवाल, सेवा समर्पण संस्थान के अध्यक्ष राम पाठक, समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, म्योरपुर ब्लाक प्रमुख मानसिंह गोंड, देवनारायण सिंह खरवार, रामप्रकाश पांडेय, डाॅ. व्यास चंद्र विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे। संचालन केंद्र प्रमुख कृष्ण गोपाल ने किया।