म्योरपुर। ब्लॉक के ग्राम पंचायत फरीपान तिराहे पर बुधवार को कनहर नदी में लीज से हट कर अवैध खनन और प्रदूषण की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने अनूठा प्रदर्शन किया। कान बंद कर विरोध जताते हुए खनन और प्रदूषण विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाया।
संयोजक रामेश्वर प्रसाद और क्षेत्रीय संयोजक बेचन गोंड ने कहा कि कनहर के कोरगी बालू साइड पर लीज से हट कर खनन राजस्व विभाग की मिलीभगत से हो रहा है, जिससे नदी के अस्तित्व पर खतरा बढ़ गया है। जलीय जीव नष्ट हो रहे हैं। दोनों विभागों के जिम्मेदार विभागीय अधिकारी चुप बैठे हैं। कहा कि 28 अगस्त 2018 को एनजीटी ने क्षेत्र में प्रदूषण की नियमित जांच, खुले में कोयला परिवहन पर रोक के साथ स्वास्थ्य विभाग को हर महीने कैंप लगा कर स्वास्थ्य की जांच और गंभीर मरीजों को पोषक तत्वों वाला खाद्य पदार्थ वितरित करने का आदेश दिया था, लेकिन इसकी फाइल धूल फांक रही है। आदेश का पालन नहीं होता ता खनन विभाग के कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में देवनारायण, मीना, शिव नारायण, सोनू , प्रेम कुमारी, दशरत, रामलोचन, अनिल, सुनील आदि शामिल रहे।