रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बेलगाई गांव के पास बुधवार को मजदूरों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो सवार सात मजदूर घायल हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा में प्रारंभिक उपचार के बाद चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेलगाई और सिकरिया गांव से मजदूरों को लेकर टेंपो बुधवार की सुबह सोनवार गांव की ओर जा रहा था। मजदूरों को मिर्च की तोड़ाई करनी थी। बेलगाई गांव के पास अनियंत्रित होकर टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो सवार सिकरिया निवासी वंदना (40), लक्ष्मन (60), बबिता (40), उर्मिला (45), बेलगाई निवासी यशोदा (20), फूलवा (60), थूमिया बला निवासी तेतरी (45) घायल हो गईं। आस-पास के लोगों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तियरा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद वंदना, फूलवा, लक्ष्मन, बबीता की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।