सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के किलबिल गांव में मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर मंगलवार की शाम बाइक सवार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
क्षेत्र के आरंगपानी बरवाटोला निवासी राजकुमार गोड़ (20) पुत्र रामचन्द्र मंगलवार की शाम बाइक से किरबिल गांव जा रहा था। किरबिल से कुछ दूर पहले ही स्थित एक ढाबा के पास मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। जिससे वे विद्युत पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही राजकुमार की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी बलराम (25) पुत्र अमरनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल बलराम को उपचार के लिए सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया। हादसे की सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक तेरसु यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।