विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुअरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे दोहरीकरण में इलेक्ट्रिक कार्य करा रही कंपनी के लोगों ने बृहस्पतिवार की रात दो बजे चोरी के इल्जाम में दो युवकों को बुरी तरह पीट दिया। इससे उनकी हालत गंभीर है। बताया गया कि शिवगोपाल पुत्र विजयमल निवासी जरहां और देवी दयाल पुत्र रामप्यारे निवासी सियरसोती को बृहस्पतिवार को रात में महुअरिया रेलवे स्टेशन के पास चोरी का आरोप लगाते हुए ठेकेदार के कर्मियों ने पीटकर घायल कर दिया। शुक्रवार सुबह सूचना पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने दोनों युवकों को गंभीर हाल में इलाज के लिए दुद्धी सरकारी अस्पताल भेज दिया है। वहीं कंपनी के ठेकेदार सहित आठ लोगों को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई। कंपनी के ठेकेदार पप्पू सिंह ने बताया कि रात दो बजे चार लोग आये और तांबे का वायर काटने लगे। ठेकेदार का कहना है कि आवाज सुनकर गोदाम पर कार्यरत गार्ड गुड्डू ने शोर मचाया तो अन्य कर्मी भी जाग गए। इस दौरान दो लोग भागने में सफल रहे। वहीं दो लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। ठेकेदार ने कहा कि उनके साथ मारपीट नहीं की गई है। बल्कि भागने के चक्कर में वे स्वयं ही गिरकर चुटहिल हो गए हैं। विंढमगंज थानाध्यक्ष विनोद कुमार सोनकर ने बताया कि दोनों युवकों को घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया है। पूछताछ व जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।