दो अलग-अलग हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना ट्रकी चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में तेज रफ्तार पिकअप के पेड़ से टकरा जाने से चालक की मौत हो गई।
दुद्धी तहसील गेट के पास ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ओवरटेक करने के दौरान असंतुलित होकर वह ट्रक के नीचे आ गया। तीन माह बाद उसकी शादी होने थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
महुली कस्बे के महुअरिया टोला निवासी अक्षय कुमार (20) पुत्र विनोद कनौजिया सोमवार को दुद्धी बाजार गया था। परिजनों ने बताया कि दुद्धी से लौटने के दौरान तहसील गेट के सामने ट्रक को ओवरटेक करते समय उसका नियंत्रण खो गया और वह ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गया। हेलमेट न होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां युवक की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान मंगलवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पिता विनोद का कहना है कि अक्षय की शादी 22 अप्रैल को होनी थी। दिसंबर में ही शादी से पूर्व की अन्य रस्में पूरी की गई थीं। सोमवार को वह पान की दुकान के लिए दुद्धी सामान लेने गया था। हादसे की खबर के बाद पूरा परिवार सदमे में है। शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। दुद्धी कोतवाली प्रभारी नागेश सिंह रघुवंशी ने बताया कि युवक की मौत वाराणसी में होने की सूचना मिली है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर सोमवार की रात सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप मद्दुघुटरा गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के पटनहवा गांव निवासी विजय दुबे (45) पिकअप लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहा था। मद्दुघुटरा के पास पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें चालक विजय गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बभनी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों को सूचना दे दी गई है।